हनुमान जन्मोत्सव: संकट और पीड़ा से मुक्ति का साधन – डॉ. संतोषानंद देव

Listen to this article

हरिद्वार: श्री अवधूत मंडल आश्रम बाबा हीरादास हनुमान मंदिर, सिंहद्वार में चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस भव्य आयोजन में श्री अवधूत मंडल आश्रम के पीठाधीश्वर महंत महामंडलेश्वर डॉ स्वामी संतोषानंद देव महाराज के सानिध्य में भक्तों का सैलाब उमड़ा।
इस अवसर पर अपने आशीर्वचन देते हुए महामंडलेश्वर डॉ स्वामी संतोषानंद देव महाराज ने हनुमान की आराधना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हनुमान जी की भक्ति संकट, कष्ट और पीड़ा से मुक्ति का अचूक साधन है। हनुमान जन्मोत्सव के दिन पवन पुत्र हनुमान की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने से साधकों को न केवल रोग, दोष और भय से मुक्ति मिलती है, बल्कि जीवन में सुख-समृद्धि का भी आगमन होता है। उन्होंने हनुमान जी के विभिन्न नामों – मारुति, केसरी नंदन, पवनसुत, पवन कुमार, महावीर, मरुत् सुता, अंजनी सुत, संकट मोचन, आंजनेय, रुद्र आदि का उल्लेख करते हुए उनकी महिमा का बखान किया।
हनुमान जन्मोत्सव समारोह का मुख्य आकर्षण कलशयात्रा रही। पहली बार आयोजित इस कलशयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और माताओं ने भाग लिया। सिर पर कलश धारण किए श्रद्धालु महिलाएं शोभायात्रा में शामिल हुईं, जो एक मनोहारी दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं। इस दौरान हनुमान जी की सुंदर पालकी और सजीव झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं, जिन्हें देखकर भक्त भावविभोर हो उठे।
सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए, इस अवसर पर संकल्प संस्था परमो धर्म ट्रस्ट और जीवनरक्षक ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर एवं रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच करवाई और रक्तदान कर पुण्य अर्जित किया। यह पहल समाज सेवा के प्रति आयोजकों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सायंकाल में मंदिर परिसर में एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। भक्तिमय गीतों और नृत्यों ने वातावरण को और भी अधिक भक्तिमय बना दिया।
श्री अवधूत मंडल आश्रम में हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में संत, महंत और सभी भक्तजनों के लिए एक विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस पावन अवसर पर ज्वालापुर के विधायक श्री रवि बहादुर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्री संदीप गोयल, प्रेस क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष श्री अमित शर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी श्री विभाष मिश्रा, श्री अनिल भास्कर, श्री हिमांशु बहुगुणा, पूर्वांचल उत्थान संस्था के अध्यक्ष सीए आशुतोष पाण्डेय, महासचिव बीएन राय, वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेत्री श्रीमती रंजीता झा, सीएमओ डॉ आरके सिंह, सीएमएस मेला हॉस्पिटल डॉ राजेश गुप्ता, सीएमएस महिला हॉस्पिटल डॉ यशपाल तोमर, डॉ मनीष दत्त, धर्मेंद्र साह, विकास तिवारी, रश्मि झा, किशोरी झा, अर्चना झा, सुधा राठौड़, संगीता बंसल, शांति झा, ऊषा देवी, ज्योति, पूजा, अक्षिता, संतोष झा, राजेश सिंह, विकास राजपूत, अवधेश झा, संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तजन उपस्थित रहे और हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।