रायवाला, उत्तराखंड: रायवाला थाना क्षेत्र के खैरी खुर्द में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी को अंजाम दिया है। चोरों ने घर से 10,000 रुपये नकद, एक मंगल सूत्र, छह सोने की अंगूठियां, दो सोने की चेन, तीन जोड़ी सोने की कान की बालियां, और बच्चों के चांदी के चार जोड़ी कंगन सहित अन्य जेवर चोरी कर लिए।
पुलिस के अनुसार, खैरी खुर्द निवासी श्रीमती कुसुम बहुगुणा अपने परिवार के साथ 27 मई से घर में ताला लगाकर भानियावाला स्थित अपने दूसरे घर गई हुई थीं। बुधवार सुबह जब उनकी बहू किरण बहुगुणा घर लौटीं, तो उन्होंने ताला टूटा हुआ पाया और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
चोरों ने चोरी के बाद घर की चादरों और पर्दों की रस्सी बनाकर पीछे के रास्ते से फरार हो गए। सूचना मिलते ही रायवाला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
2025-06-05












