ब्रेकिंग न्यूज: रुद्रप्रयाग (घोलतीर) में बस अलकनंदा नदी में समाई, कई यात्रियों के फंसे होने की आशंका

Listen to this article

रुद्रप्रयाग – रुद्रप्रयाग जिले के घोलतीर में एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक यात्री बस अनियंत्रित होकर उफनती अलकनंदा नदी में समा गई। यह घटना सुबह के समय हुई, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
प्रारंभिक सूचना के अनुसार, हादसे के दौरान बस से पांच लोग बाहर छिटक गए, जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है। हालांकि, बस में सवार अन्य यात्रियों की संख्या और उनकी स्थिति के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। आशंका है कि बस में कई और यात्री फंसे हो सकते हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंच गए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं। अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिससे बचाव कार्यों में काफी चुनौतियां आ रही हैं।
फिलहाल, प्रशासन की ओर से बस में सवार यात्रियों की सटीक संख्या और हताहतों के संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस और प्रशासन द्वारा यात्रियों की पहचान करने और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह दुर्घटना ऐसे समय में हुई है जब चारधाम यात्रा अपने चरम पर है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं।