जिलाधिकारी ने किया सोलानी तटबंध का पैदल निरीक्षण, तत्काल मरम्मत के निर्देश

Listen to this article

हरिद्वार/लक्सर, 01 जुलाई, 2025: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को हरिद्वार जनपद के दूरस्थ गांव ढाढेरी पहुंचकर सोलानी नदी तटबंध का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासनिक टीम के साथ लगभग 1 किलोमीटर तक कीचड़ भरे और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर पैदल चलकर ढाढेरी-कुआंखेड़ा के बीच बने तटबंध का जायजा लिया।
तटबंध की महत्ता को देखते हुए, जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ओम जी गुप्ता को तत्काल मरम्मत का एस्टीमेट प्रस्तुत करने और कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने के निर्देश दिए ताकि संभावित खतरे को टाला जा सके। अधिशासी अभियंता ओम जी गुप्ता ने बताया कि नदी का ढाल कम होने और बहाव की प्रकृति के कारण पानी से भूकटाव हो सकता है, जिससे तटबंध प्रभावित हो सकता है।
इस दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी नदी के बहाव और भूकटाव से संबंधित अपनी चिंताएं साझा कीं। निरीक्षण के समय उप जिलाधिकारी सौरभ असवाल, सीओ लक्सर नताशा सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई ओम जी गुप्ता, प्रधान राजपाल सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।