
हरिद्वार, 15 जुलाई 2025: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने हरिद्वार में कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को पटका और रुद्राक्ष की माला पहनाकर उनसे क्षमता से अधिक भार न उठाने और कांवड़ यात्रा के नियमों का पालन करने की अपील की।
राज्यपाल ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों और चुनौतियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे शिव भक्तों की सेवा का सुनहरा अवसर बताया। उन्होंने कांवड़ यात्रा 2025 पर एक कॉफी टेबल बुक बनाने का सुझाव दिया, जिसमें यात्रा के सभी पहलुओं को शामिल किया जा सके। राज्यपाल ने श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा से बचाने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया, साथ ही ट्रैफिक विनियमन और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार पर चर्चा की।
प्रेसवार्ता के दौरान राज्यपाल ने कहा कि सावन के महीने में कांवड़ यात्रियों की भक्ति देखकर खुशी हो रही है। उन्होंने पिछले साल 15 दिनों में 4 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन का अनुभव साझा किया और प्रशासन की मेहनत की सराहना की। उन्होंने कांवड़ यात्रियों के चेहरों पर संकल्प का भाव देखा और हरिद्वार व उत्तराखंड की दिव्यता, भव्यता, पवित्रता का उल्लेख किया। उन्होंने शासन, प्रशासन, पुलिस और समाजसेवियों के बीच समन्वय की प्रशंसा की और कहा कि यह अनुभव 2027 के कुंभ मेले के लिए एक ‘ट्रेलर’ है। उन्होंने बताया कि अब तक 40 लाख से अधिक यात्री चारधाम यात्रा पर आ चुके हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।














