हरिद्वार: भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की चेतावनी के बाद, हरिद्वार के जिला मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित ने 5 अगस्त, 2025 को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
मौसम विभाग ने 4 अगस्त को हरिद्वार के लिए ऑरेंज अलर्ट और 5 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया था, जिसमें भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई थी। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
यह आदेश सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों पर लागू होगा। हालांकि, जिन स्कूलों में बोर्ड की अंक सुधार परीक्षाएं चल रही हैं, वे यथावत खुले रहेंगे।
जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। आदेश का उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
2025-08-04














