हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि दुनिया हमारी प्राचीन संस्कृति और दर्शन से परिचित हो रही है। उन्होंने यह बात हरिद्वार के भूपतवाला स्थित श्री ब्रह्म निवास आश्रम में सतगुरु लाल दास महाराज के 50वें निर्वाण दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज ने अपने जीवन में आध्यात्मिकता को प्राथमिकता दी और लोगों को सेवा, सत्य और भक्ति के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भक्ति को जन-जन तक पहुंचाया।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से सनातन संस्कृति का पूरे विश्व में प्रचार-प्रसार हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में ऋषिकेश-हरिद्वार कॉरिडोर बनाने का भी प्रस्ताव है।
धामी ने उत्तराखंड में लागू किए गए सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता (UCC) का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य के सांस्कृतिक मूल्यों और जनसांख्यिकी को संरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के बारे में भी बताया, जो सनातन धर्म की आड़ में आम लोगों को ठगने वाले ढोंगियों के खिलाफ चलाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विद्यालयों में छात्रों को श्रीमद्भागवत गीता के बारे में बताया जाएगा और दून विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज’ की स्थापना की गई है। इस कार्यक्रम में महंत ललितानंद गिरी महाराज, पंजाब विधानसभा उपाध्यक्ष जयकृष्ण सिंह, हरियाणा के राज्यमंत्री राजेश नागर, स्थानीय विधायक मदन कौशिक, मेयर रुड़की अनीता देवी, दर्जा राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल और उपाध्यक्ष एचआरडीए अंशुल सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
2025-08-04














