पतंजलि योगपीठ में मनाया गया जड़ी-बूटी दिवस, स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने दिया वृक्षारोपण का संदेश

Listen to this article

हरिद्वार: पतंजलि योगपीठ-2 के योगभवन सभागार में महामंत्री आचार्य बालकृष्ण का जन्मदिन जड़ी-बूटी दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने लोगों को स्वस्थ समाज, राष्ट्र और विश्व के लिए वृक्षारोपण करने का संकल्प दिलाया।
स्वामी रामदेव ने आचार्य बालकृष्ण को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि यह दिन मनाने का मुख्य उद्देश्य हर घर में जड़ी-बूटियां पहुंचाना है, ताकि मानवता स्वस्थ और सुखी रहे। उन्होंने कहा कि जड़ी-बूटियाँ केवल उपचार के लिए नहीं, बल्कि आत्म-साक्षात्कार का भी माध्यम हैं। स्वामीजी ने आचार्य बालकृष्ण के लोक कल्याण के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि हमारा अस्तित्व जड़ी-बूटियों पर निर्भर करता है, इसलिए उनकी रक्षा करना आवश्यक है। उन्होंने जन्मदिन को एक बहाना बताते हुए कहा कि हर दिन हमें नई ऊर्जा के साथ मानवता और प्रकृति की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने देशवासियों से अधिक से अधिक जड़ी-बूटियाँ लगाकर पर्यावरण की रक्षा करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आचार्य बालकृष्ण द्वारा लिखी गई 11 पुस्तकों का विमोचन किया गया। पतंजलि योग समिति के कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर तुलसी, गिलोय, एलोवेरा, अश्वगंधा और नीम जैसे पौधे वितरित किए। भारत के अलावा नेपाल और यूके में भी औषधीय पौधे बांटे गए।
पतंजलि रिसर्च फाउंडेशन के तहत रक्तदान, नेत्र परीक्षण और दंत परीक्षण शिविर भी आयोजित किए गए। इनमें लगभग 450 यूनिट रक्तदान किया गया, 588 लोगों की नेत्र जांच की गई, और 470 लोगों का दंत परीक्षण किया गया। शाम को पतंजलि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।