
साधु-संतों से लिया आशीर्वाद, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर बल दिया
हरिद्वार, 15 दिसंबर 2025
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने महादेव दक्षेश्वर का दुग्धाभिषेक किया और यज्ञ हवन में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और प्रगति की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को दिव्य और भव्य ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए भी दक्षेश्वर महादेव से प्रार्थना की।
साधु-संतों का सम्मान और समर्थन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न अखाड़ों के पदाधिकारियों और साधु-संतों से मुलाकात की, उनकी कुशल क्षेम पूछी और उन्हें अंगवस्त्र भेंटकर आशीर्वाद लिया। दक्ष मंदिर पहुंचने पर साधु-संतों ने फूलों की मालाओं से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास के लिए लगातार काम कर रही है ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्र पुरी ने मुख्यमंत्री द्वारा संस्कृति के संरक्षण के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की। उन्होंने आश्वासन दिया कि दिव्य एवं भव्य कुंभ आयोजन के लिए संत समाज द्वारा राज्य सरकार को पूर्ण सहयोग दिया जाएगा।
उपस्थित रहे प्रमुख संत और जनप्रतिनिधि

इस अवसर पर अखाड़ा परिषद के महमंत्री महंत राजेंद्र दास जी, दिगंबर अखाड़े के वैष्णो दास जी, निर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत मुरलीदास जी, निर्मल अखाड़े के कोठारी जसविंदर सिंह, बड़ा उदासीन अखाड़े के राघवेंद्र दास जी, नया अखाड़े से जगतार मुनि जी, अटल अखाड़े के सत्य गिरी जी, मनोज गिरी जी सहित कई साधु-संत मौजूद रहे।
गुरुकुल कांगड़ी के दयानंद स्टेडियम हेलीपैड पहुंचने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने मुख्यमंत्री का श्री भगवत गीता भेंटकर स्वागत किया। इसके अलावा, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी पुष्प मालाओं से उनका स्वागत किया।
इस कार्यक्रम में विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री सुनील सैनी, ओमप्रकाश जमदग्नि, जयपाल सिंह चौहान, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।













