हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद की आज की घटनाओं की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

सजल श्रद्धा-प्रखर प्रज्ञा: संस्कारों के पूजन के साथ जन्मशताब्दी समारोह का आगाज

हरिद्वार। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज द्वारा वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा एवं अखंड दीप के जन्मशताब्दी समारोह से पूर्व ‘सजल श्रद्धा-प्रखर प्रज्ञा’ स्मारक पर विशेष पूजन किया गया। इस अवसर पर रामकृष्ण मिशन के स्वामी दयामूर्त्यानंद और अरविंद आश्रम के स्वामी ब्रह्मदेव ने शिरकत कर इसे आध्यात्मिक विस्तार दिया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल सहित प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने इसे भविष्य की संरचना का उत्सव बताया।

14वीं प्रादेशिक पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ

हरिद्वार। भल्ला स्टेडियम में मंगलवार से 14वीं प्रादेशिक जनपदीय वाहिनी पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हुई। आईजी (SDRF) निवेदिता कुकरेती ने दीप प्रज्वलित कर इसका उद्घाटन किया। 19 दिसंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में कुल 20 टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन मैच हरिद्वार और चमोली के बीच खेला गया। आईजी ने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने की शपथ दिलाई।

ई-रिक्शा चोरी मामले में दो शातिर गिरफ्तार

बहादराबाद। थाना बहादराबाद पुलिस ने ई-रिक्शा और बैटरी चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों, शाहनवाज उर्फ प्रिंस और सलमान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई ई-रिक्शा बरामद कर ली है। पकड़े गए दोनों आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस टीम में एसआई अमित नौटियाल सहित अन्य जवान शामिल रहे।

78वां एनसीसी दिवस: पतंजलि विवि के ध्रुव देव बने ‘बेस्ट कैडेट’

हरिद्वार। 31 यूके बटालियन एनसीसी द्वारा 78वां एनसीसी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान आयोजित समारोह में पतंजलि विश्वविद्यालय के सीनियर अंडर ऑफिसर ध्रुव देव को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और अनुशासन के लिए ‘बेस्ट एनसीसी कैडेट’ के सम्मान से नवाजा गया। बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल गौरव प्रसाद नोगाई ने कैडेट्स को एकता और अनुशासन के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।