गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट में 95 गोल्फरों ने लिया भाग
नैनीताल। लोक भवन गोल्फ क्लब द्वारा आयोजित 21वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट के दूसरे दिन 95 गोल्फरों ने प्रतिभाग किया। उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिभागियों ने लोक भवन गोल्फ कोर्स की प्राकृतिक सुंदरता और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की। खिलाड़ियों ने कहा कि यहां का शांत वातावरण और आतिथ्य सत्कार उन्हें हर वर्ष प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करता है।
राज्यपाल ने लोक भवन में की बर्ड वॉचिंग

नैनीताल। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने शनिवार को लोक भवन परिसर में बर्ड वॉचिंग कर विभिन्न पक्षी प्रजातियों का अवलोकन किया। इस दौरान विशेषज्ञों ने क्षेत्र की जैव विविधता, वनस्पतियों और तितलियों की जानकारी दी। राज्यपाल ने प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए जनभागीदारी पर जोर दिया।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में शिक्षा और नवाचार पर की समीक्षा बैठक

नैनीताल। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कुमाऊं विश्वविद्यालय में आयोजित बैठक में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, शोध, नवाचार और कौशल विकास पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण केंद्र हैं और विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रदान की जानी चाहिए। राज्यपाल ने स्टार्टअप, इंटर्नशिप और भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।
दिव्यांगों और बेसहारा महिलाओं के लिए शुरू हुई निःशुल्क ईवी वाहन सेवा

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र और नारी निकेतन के लिए निःशुल्क ईवी वाहन सेवा का शुभारंभ किया। इस सेवा से दिव्यांगजनों, वृद्धजनों तथा बेसहारा महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा मिलेगी। डीएम ने कहा कि यह पहल सामाजिक संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
“नंदा-सुनंदा” योजना के तहत 39 बालिकाओं को मिली आर्थिक सहायता

देहरादून। जिला प्रशासन द्वारा संचालित “नंदा-सुनंदा” योजना के 15वें संस्करण में 39 जरूरतमंद बालिकाओं को 12.98 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। जिलाधिकारी सविन बंसल ने बालिकाओं को चेक वितरित करते हुए कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बेटी की शिक्षा नहीं रुकने दी जाएगी। योजना के तहत अब तक 175 बालिकाओं की शिक्षा को नया जीवन मिल चुका है।
महिलाओं के सुरक्षित कार्यस्थल को लेकर प्रशासन सख्त

देहरादून। महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक कार्यस्थल सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन ने सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने निर्देश दिए कि 10 से अधिक कर्मचारियों वाले सभी कार्यालयों में आंतरिक शिकायत समिति का गठन किया जाए। साथ ही महिला हेल्पलाइन, सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन, अमृत कक्ष और क्रेच जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।













