जनसुनवाई में 60 शिकायतें दर्ज, 28 का मौके पर निस्तारण

Listen to this article


हरिद्वार:   जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और जल निकासी समेत विभिन्न विभागों से संबंधित 60 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 28 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु भेजा गया।
जनसुनवाई में भगतनपुर आबिदपुर में प्लॉट पर कब्जा, कांगड़ी क्षेत्र में पेयजल संकट, सहदेवपुर में भूमि पैमाइश, बरसाती नदी से बाढ़ व जलभराव, अधूरे नाले निर्माण, शिवदासपुर में जल निकासी तथा अवैध निर्माण से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। इसके अलावा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन दिलाने की मांग भी रखी गई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, संवेदनशील और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्रवाई करें। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने 36 दिन से अधिक लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 566 तथा एल-2 स्तर पर 128 शिकायतें लंबित पाई गईं। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से फोन पर संपर्क कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।