आज हरिद्वार में गोरखाली सुधार सभा का अधिवेशन, भाजपा अनुसूचित मोर्चा की कार्यकारिणी और पत्रकार की रिहाई की मांग

Listen to this article

गोर्खाली सुधार सभा का वार्षिक अधिवेशन आयोजित; मेधावी छात्र और विशिष्ट विभूतियां सम्मानित

हरिद्वार। रानीपुर स्थित सामुदायिक केंद्र में ‘गोर्खाली सुधार सभा हरिद्वार शाखा’ का चतुर्थ वार्षिक अधिवेशन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष शमशेर बहादुर बम ने पिछले वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए समाज की एकजुटता पर बल दिया।

​अधिवेशन के मुख्य अतिथि केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा और श्रीनारायणी निवास आश्रम के स्वामी योगानंद सरस्वती ने गोरखा समुदाय के देश के विकास में योगदान की सराहना की और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया। इस अवसर पर समाज के कई मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, खेलकूद (फुटबॉल व कबड्डी) और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्ट लोगों को भी सम्मानित किया गया।

भाजपा अनुसूचित मोर्चा अंबेडकर नगर मंडल की नई कार्यकारिणी का स्वागत

हरिद्वार। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के अंबेडकर नगर मंडल की नई कार्यकारिणी घोषित होने पर नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों के लिए एक स्वागत समारोह आयोजित किया गया।

​इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता मुकेश कौशिक ने कहा कि अनुसूचित मोर्चा संगठन की रीढ़ है और कार्यकर्ताओं की बदौलत ही सरकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं। राज्य अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व सदस्य श्यामल कुमार ने भी नए पदाधिकारियों को बधाई देते हुए इसे सेवा और समर्पण का अवसर बताया। कार्यक्रम में नवनियुक्त उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री और कार्यसमिति सदस्यों ने पार्टी संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया और पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प लिया।

ब्रह्मलीन स्वामी परमानन्द की 15वीं पुण्यतिथि पर संत समाज ने दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार। जगजीतपुर स्थित ब्रह्म प्रेम कुटीर आश्रम में ब्रह्मलीन स्वामी परमानन्द महाराज की 15वीं पुण्यतिथि पर एक श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। आश्रम के परमाध्यक्ष महंत विनोद महाराज के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में संत समाज ने स्वामी परमानन्द महाराज को भावपूर्ण नमन किया।

​श्रद्धांजलि सभा में महंत देवानंद और स्वामी आनंद स्वरूप सहित कई संतों ने कहा कि स्वामी परमानन्द का पूरा जीवन मानव कल्याण और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार को समर्पित था। महंत विनोद महाराज ने संत परंपराओं का पालन करते हुए अपने गुरुदेव की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने को ही अपने जीवन का मुख्य उद्देश्य बताया।

यूथ कांग्रेस ने पत्रकार हेम भट्ट की रिहाई के लिए मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

हरिद्वार। महानगर अध्यक्ष अंकुर सैनी के संयोजन में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में पत्रकार हेम भट्ट पर हुई पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उन्हें तुरंत रिहा करने की मांग की गई है।

​यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों व वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि सरकार से सवाल पूछना और नीतियों को उजागर करना पत्रकार का काम है, लेकिन पुलिस ने जल्दबाजी में कार्रवाई कर हेम भट्ट को अपना पक्ष रखने का मौका भी नहीं दिया। कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पत्रकारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की मांग की है। इसके बाद उन्होंने प्रेस क्लब को भी इस संबंध में एक पत्र सौंपा।