हल्द्वानी में अत्याधुनिक कुमाऊँ मीडिया सेंटर का शिलान्यास
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में कुमाऊँ मीडिया सेंटर भवन का विधिवत शिलान्यास करते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और सकारात्मक पत्रकारिता समाज एवं विकास को नई दिशा देती है। लगभग 6 करोड़ 75 लाख 88 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक मीडिया सेंटर कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों के लिए समर्पित, सुसज्जित एवं बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मीडिया सेंटर केवल भवन नहीं बल्कि पत्रकारों के लिए विचार-विमर्श, संवाद और जनसमस्याओं को मुखर करने का प्रभावी मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि अब तक कुमाऊँ क्षेत्र के पत्रकारों को विभिन्न कार्यों के लिए देहरादून जाना पड़ता था, लेकिन मीडिया सेंटर बनने के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित हो सकेंगे।
उन्होंने बताया कि मीडिया सेंटर में आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल स्टूडियो, समृद्ध लाइब्रेरी, कैंटीन सहित कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों के लिए गेस्ट रूम की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाचार पत्रों से जुड़े निरीक्षण कार्य भी इसी सेंटर से संपन्न होंगे, जिससे पारदर्शिता और कार्यक्षमता बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने पत्रकार कल्याण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि पत्रकार कल्याण कोष को बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये किया गया है। अधिस्वीकृत पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा दी जा रही है तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को आठ हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जा रही है।
उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि पत्रकारों की कलम लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है।
फेक नैरेटिव और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहें -धामी

हल्द्वानी में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और युवाओं से किया संवाद
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित “सोशल मीडिया मंथन विद सीएम धामी” कार्यक्रम में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और डिजिटल वॉलेंटियर्स के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मकता, सत्य और समाजहित के लिए करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का प्रभावशाली मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा है और वे डिजिटल माध्यमों के जरिए अपनी बात दुनिया तक पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने युवाओं को फेक नैरेटिव, भ्रामक सूचनाओं और समाज को बांटने वाली ताकतों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर जिम्मेदार व्यवहार और तथ्यपरक जानकारी साझा करना प्रत्येक युवा की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया को जनसंवाद का सशक्त माध्यम बनाया है। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, खेल, पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में लगातार प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे ऐतिहासिक फैसलों से प्रदेश का भविष्य सुरक्षित किया गया है।
कार्यक्रम में युवाओं और सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने भी अपने सुझाव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा प्रदेश के ब्रांड एम्बेसडर बनकर दुनिया के सामने राज्य की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करें।













