हरिद्वार संक्षिप्त: कुंभ-2027 तैयारियों, स्वच्छता अभियान, हरित हरिद्वार और खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन सक्रिय

Listen to this article

कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर एनएचएआई व प्रशासन की उच्चस्तरीय बैठक
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 को लेकर एनएचएआई, मेला प्रशासन एवं जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुई। बैठक में हरिद्वार बाईपास, रिंग रोड, फ्लाईओवर, सर्विस लेन एवं सड़क चौड़ीकरण परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने पर जोर दिया गया। मेलाधिकारी सोनिका ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु यातायात को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
हरित हरिद्वार’ अभियान को मिला जनसमर्थन


हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत प्रस्तावित ‘हरित हरिद्वार’ वृक्षारोपण अभियान को लेकर मेला नियंत्रण भवन में बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता न बनकर जनआंदोलन का रूप लेना चाहिए। बैठक में स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग का आश्वासन दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कई नमूने जांच को भेजे


हरिद्वार। चारधाम यात्रा के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलेभर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। एनएच-58 सहित विभिन्न क्षेत्रों के होटल, ढाबों, कैंटीन और रेस्टोरेंटों में जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के कई नमूने लिए गए। एक्सपायरी व बिना लेबल वाले मसाले तथा दुर्गंधयुक्त खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। कई खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
गंगा दशहरा पर जूना अखाड़े के संतों ने किया शिप्रा पूजन


हरिद्वार। गंगा दशहरा पर्व पर श्रीपंच दशनाम जूना अखाड़ा एवं श्रीमहाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति उज्जैन द्वारा दातार अखाड़ा में भव्य शिप्रा पूजन एवं हवन आयोजित किया गया। संतों ने विश्व शांति एवं कल्याण की कामना करते हुए आहुति दी। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती महाराज एवं श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

नाला-नालियों की सफाई में तेजी, जलभराव रोकने को प्रशासन सक्रिय


हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपदभर में नाला-नालियों की सफाई अभियान तेज कर दिया गया है। मानसून से पूर्व जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नगर निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने पंचायत स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं। खानपुर, नारसन, रुड़की, हरिद्वार नगर निगम एवं बीएचईएल क्षेत्रों में व्यापक सफाई कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।