मारपीट का वीडियो वायरल, पार्किंग कर्मचारियों पर पुलिस की कार्रवाई
सोशल मीडिया पर पार्किंग में एक युवक के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
जांच में पता चला कि आरोपी नूतन और रोबिन पार्किंग में कर्मचारी हैं और किसी विवाद के चलते उन्होंने युवक के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने दोनों को शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया है। साथ ही पार्किंग संचालक द्वारा कर्मचारियों का सत्यापन न कराने पर उसके खिलाफ भी पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई है।
शासकीय कार्यालयों में संस्कृत बोर्ड अनिवार्य करने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि जनपद के सभी शासकीय कार्यालयों, बस स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर हिंदी के साथ-साथ संस्कृत भाषा में भी नाम पट्टिकाएं लगाई जाएं।
उन्होंने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि बोर्डों का संस्कृत में अनुवाद कर शीघ्र स्थापित किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर संस्कृत शिक्षा विभाग से सहयोग लिया जा सकता है। आदेशों का पालन न करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
स्मार्ट मीटर लगाने के लिए पुलिस प्रशासन से सहयोग की मांग
उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा हरिद्वार जनपद में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। यह कार्य भारत सरकार की योजना के तहत किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को पारदर्शी बिलिंग और बेहतर विद्युत सेवाएं देना है।
विभाग ने प्रशासन और पुलिस से सहयोग की मांग की है ताकि कार्य के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए। हरिद्वार और रुड़की के विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। कुछ स्थानों पर विरोध की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।












