फायरिंग मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार के लक्सर में जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी पारस को पुलिस ने 315 बोर के तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है। 9 अक्टूबर को सुमित कुमार ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस इस मामले में एक अन्य आरोपी रितिक को पहले ही जेल भेज चुकी है।
‘राष्ट्रीय नागरिक पार्टी’ का सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान
नवगठित राष्ट्रीय नागरिक पार्टी ने आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पार्टी अध्यक्ष के.के. गौतम ने बताया कि 34 सीटों पर महिलाएं, 34 पर पुरुष और 2 सीटों पर किन्नर समाज के उम्मीदवार उतारे जाएंगे। साथ ही, सरकार बनने पर रोटेशन के आधार पर विभिन्न वर्गों को मुख्यमंत्री पद का अवसर देने का फार्मूला भी पेश किया गया।
शिव शक्ति वेलनेस Foundation ने चलाया स्वच्छता अभियान
हरिद्वार में नगर निगम द्वारा घाटों की सफाई के लिए शुरू किए गए विशेष अभियान में ‘शिव शक्ति वेलनेस फाउंडेशन सोसाइटी’ ने सहभागिता की। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने हरकी पैड़ी से इस अभियान की शुरुआत की, जिसमें अधिकारियों और समाजसेवियों ने गंगा घाटों की सफाई कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
रखरखाव के लिए बंद की गई गंगनहर
वार्षिक रखरखाव और साफ-सफाई के लिए हरिद्वार से कानपुर जाने वाली उत्तराखंड गंगनहर को बंद कर दिया गया है। यूपी सिंचाई विभाग द्वारा भीमगोड़ा बैराज से पानी रोक दिए जाने के कारण दिल्ली-एनसीआर और पश्चिम यूपी में जलापूर्ति प्रभावित हो सकती है। नहर की क्लोजिंग 7 नवंबर की रात तक जारी रहेगी, जिसके दौरान घाटों के निर्माण कार्यों में भी तेजी लाई जाएगी।
कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक का भाजपा पर तीखा हमला
हरिद्वार प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने अंकिता भंडारी हत्याकांड और वोट चोरी के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने अंकिता को अब तक न्याय न मिलने और वीआईपी मामले में लीपापोती करने का आरोप लगाया। साथ ही, मतदाता सूची से नाम काटे जाने (वोट चोरी) को लेकर भी कड़ा विरोध जताया।
निजी कंपनी को मुफ्त भूमि देने के विरोध में कांग्रेस पार्षदों का प्रदर्शन
हरिद्वार नगर निगम द्वारा ई-कार्ट का संचालन करने वाली एक निजी कंपनी को निःशुल्क भूमि दिए जाने का विरोध करते हुए कांग्रेस पार्षदों ने सहायक नगर आयुक्त महेंद्र यादव का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने आरोप लगाया कि बिना बोर्ड बैठक के प्रस्ताव के निगम की बेशकीमती जमीन निजी कंपनियों को सौंपी जा रही है, जो कि सरासर गलत है।
जमदग्नि पब्लिक स्कूल में 25 अक्टूबर को जूनियर एथलेटिक प्रतियोगिता
लक्सर के जमदग्नि पब्लिक स्कूल में 25 अक्टूबर को जूनियर एथलेटिक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिला एथलेटिक एसोसिएशन के तत्वावधान में होने वाली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन भाजपा नेता ओमप्रकाश जमदग्नि करेंगे। इसमें 12 से 16 वर्ष तक के बालक-बालिकाएं भाग ले सकेंगे, जिन्हें अपने साथ आधार कार्ड और आयु प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा।














