विश्व पर्यावरण दिवस: राज्यपाल ने रुद्राक्ष का पौधा लगाया, मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर, जिला न्यायालय परिसर में हुआ वृक्षारोपण

Listen to this article

राज्यपाल ने रुद्राक्ष का पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
नैनीताल। विश्व पर्यावरण दिवस पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने लोक भवन परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत रुद्राक्ष का पौधा लगाया। प्रथम महिला गुरमीत कौर ने भी चंदन का पौधा रोपा। राज्यपाल ने नागरिकों से अधिकाधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

भीमताल झील क्षेत्र में पौधारोपण कर मुख्यमंत्री ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


नैनीताल/भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर भीमताल झील क्षेत्र में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झीलों और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है तथा प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता के लिए आगे आना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने नैनीताल को दी 96.71 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात


नैनीताल/भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल में आयोजित कार्यक्रम में जनपद नैनीताल को 96 करोड़ 71 लाख रुपये की 13 विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने छह योजनाओं का लोकार्पण और सात योजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क संपर्क राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का भी आह्वान किया।

पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सबकी जिम्मेदारी: प्रशांत जोशी


नैनीताल। विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला न्यायालय परिसर, हल्द्वानी, रामनगर और धारी न्यायालयों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष प्रशांत जोशी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों का संवर्धन हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में औषधीय एवं फलदार पौधे लगाए गए।

जिला न्यायालय परिसर में हुआ वृक्षारोपण कार्यक्रम


हरिद्वार। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण अध्यक्ष नरेंद्र दत्त ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है तथा पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण का संकल्प भी आवश्यक है। इस अवसर पर स्थायी लोक अदालत की अध्यक्ष नीतू जोशी सहित न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधारोपण किया। वहीं जिला कारागार में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर शांतिकुंज में पौधारोपण


हरिद्वार। विश्व पर्यावरण दिवस एवं जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में शांतिकुंज में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। महिला मंडल प्रमुख शैफाली पण्ड्या ने कमरख का पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी ने व्यापक स्तर पर पौधारोपण का आह्वान करते हुए प्रकृति संरक्षण को भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की गारंटी बताया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।