हरिद्वार। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शहर में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के कारण व्यापारियों को आ रही विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और एक ज्ञापन सौंपा।
जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए डॉ. विशाल गर्ग ने मांग की कि अभियान के दौरान व्यापारियों की दुकानों के बाहर लगी तिरपाल को अतिक्रमण की श्रेणी से बाहर रखा जाए। उन्होंने तर्क दिया कि यह तिरपाल धूप, वर्षा और गर्मी से ग्राहकों व व्यापारियों को राहत देती है, लेकिन अभियान के दौरान इसे भी हटाया जा रहा है जिससे भारी दिक्कतें आ रही हैं। डॉ. गर्ग ने प्रशासन से अनुरोध किया कि छोटे और मझोले व्यापारियों के रोजगार को ध्यान में रखकर ही कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारी हमेशा कुंभ, मेलो और स्नान पर्वों में प्रशासन का सहयोग करता आया है, इसलिए अभियान के नाम पर उनका अहित नहीं होना चाहिए।
व्यापार मंडल के संगठन महामंत्री योगेश भारद्वाज एवं शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने भी जिलाधिकारी से अपील की कि जिन स्थानों पर अतिक्रमण हटाया जाना है, उसकी जानकारी पूर्व में दी जाए ताकि व्यापारी अपने सामान की सुरक्षा कर सकें और उनका नुकसान न हो।












