मानसून की दस्तक: उत्तराखंड में हाई अलर्ट, 304 बाढ़ संभावित क्षेत्रों और 1199 संवेदनशील सड़कों पर चौबीस घंटे पैनी नजर

Listen to this article

विशेष संवाददाता

राज्य में मानसून के विधिवत प्रवेश के साथ ही धामी सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। मौसम विभाग (IMD) द्वारा उत्तराखंड सहित देश के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने सचिवालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।

सरकार ने आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देश दिए हैं कि राज्य के सभी 304 बाढ़ संभावित क्षेत्रों और 1,199 भूस्खलन-संवेदनशील सड़कों पर सैटेलाइट और ड्रोन के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जाए। लोक निर्माण विभाग (PWD) को संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी और पोकलैंड मशीनें तैनात रखने के आदेश दिए गए हैं ताकि मार्ग बंद होने की स्थिति में उन्हें तुरंत खोला जा सके।

प्रशासन ने चारधाम यात्रियों और नदी-नालों के किनारे रहने वाले स्थानीय निवासियों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग के अपडेट को देखकर ही अपनी यात्रा प्लान करें।