हरिद्वार हलचल: कावड़ियों की सुरक्षा, व्यापार मंडल की पुलिया निर्माण की मांग और नाला सफाई कार्य में तेजी लाने का निर्देश

Listen to this article

कांवड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, तैयारियां समय पर पूरी हों : सतपाल महाराज

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सभी विभागों के समन्वय से सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, प्रकाश व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने तथा पड़ोसी राज्यों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

  कुंभ मेला-2027 निर्माण कार्य: कुंभ निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व समयसीमा से समझौता नहीं : मंडलायुक्त

हरिद्वार। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने कुंभ मेला-2027 से जुड़े निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने धनौरी-सिडकुल मार्ग पर निर्माणाधीन पुल तथा सड़क चौड़ीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय में पूरी हों, ताकि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

व्यापार मंडल का ज्ञापन: जलभराव रोकने को नालों की सफाई व टूटी पुलिया दुरुस्त करने की मांग

हरिद्वार। शहर व्यापार मंडल मध्य के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर चंद्राचार्य चौक से भगत सिंह चौक तक नालों की सफाई, रेलवे अंडरपास के नीचे टूटे स्लैब और गड्ढों की मरम्मत तथा जल निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग की। व्यापारियों ने बरसात से पहले सभी समस्याओं का समाधान कराने की अपील की।

अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण: अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण लागू होने पर मुख्यमंत्री को बधाई

हरिद्वारभाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी शहनवाज सलमानी ने राज्य में अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण लागू किए जाने का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इससे अल्पसंख्यक छात्रों को धार्मिक शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।

सेवा ही रोटरी क्लब की पहचान : डॉ. विशाल गर्ग

हरिद्वार। रोटरी क्लब कनखल के पदाधिकारियों ने रोटरी 3080 के नवनिर्वाचित डिस्ट्रिक्ट गवर्नर धीरज मिगलानी का सम्मान किया। इस अवसर पर डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि रोटरी क्लब सेवा और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है.

नाला सफाई निरीक्षण: मेयर ने नाला सफाई कार्य तेज करने के दिए निर्देश

हरिद्वार। मेयर किरण जैसल ने शिवमूर्ति क्षेत्र में नाला सफाई कार्य का निरीक्षण कर अधिकारियों को बरसात से पहले सभी नालों की सफाई पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से भी नालों में कचरा न डालने की अपील की