कुम्भ मेला-2027: विकास कार्यों का मेलाधिकारी ने किया निरीक्षण
हरिद्वार। कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने सोमवार को प्रमुख मंदिरों के पैदल मार्गों और फुटपाथ निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी कांवड़ यात्रा से पहले गतिमान कार्यों को पूरा करने और गुणवत्ता व समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। सरकार चंडी देवी, मनसा देवी और हर की पैड़ी जैसे धार्मिक स्थलों तक कुल ₹2,900 लाख से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से आधुनिक पैदल मार्ग और तीर्थयात्री सुविधाएं विकसित कर रही है।
जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने सुनीं 90 शिकायतें, 48 का मौके पर निस्तारण

हरिद्वीप। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में भूमि विवाद, जलभराव, अतिक्रमण और बिजली-पानी से जुड़ी कुल 90 शिकायतें आईं, जिनमें से 48 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों, विशेषकर 36 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों को संवेदनशीलता के साथ तत्काल निपटाने के निर्देश दिए।
हरिद्वार की फिल्म ‘एक बहता जीवन’ को मिला अंतर्राष्ट्रीय सम्मान

हरिद्वार। गंगा किनारे सिक्के बटोरने वाले बच्चों के संघर्ष पर आधारित हरिद्वार की फिल्म ‘एक बहता जीवन’ ने हिमाचल प्रदेश के मंडी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में प्रथम पुरस्कार (बेस्ट फिल्म) जीता है। प्राची मूवीज के बैनर तले मनोज शर्मा द्वारा निर्देशित इस फिल्म में हेमंत पांडे और विजेंद्र काला जैसे कलाकारों के साथ बाल कलाकार अनंत (मोनू) के अभिनय की विशेष सराहना हुई। उत्तराखंड की फिल्म नीति के कारण स्थानीय कलाकारों को लगातार बड़े मंच मिल रहे हैं।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर पुष्पांजलि कार्यक्रम

हरिद्वार। भाजपा जिला कार्यालय जगजीतपुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर स्मरण पक्ष के अंतर्गत पुष्पांजलि कार्यक्रम और उनके विचारों पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा सहित कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने देश की एकता, अखंडता, कश्मीर से धारा 370 हटाने और औद्योगिक विकास की नींव रखने में डॉ. मुखर्जी के ऐतिहासिक योगदान को याद किया।













