हरिद्वार, 09 जुलाई 2026: भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आज जनपद हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और अत्यधिक तीव्र बौछारें पड़ने की संभावना को देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत छात्रहित और बाल सुरक्षा के मद्देनजर ज़िला मजिस्ट्रेट/अध्यक्ष जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, हरिद्वार (मयूर दीक्षित) द्वारा आदेश जारी किया गया है।
इस आदेश के तहत जनपद हरिद्वार के अंतर्गत आने वाले समस्त राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को आज दिनांक 09 जुलाई 2026 (गुरुवार) को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
सभी तहसीलों और संबंधित विभागों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों या विभागों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू है।













