ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच का गठन, महंत रवींद्र पुरी बने मुख्य संयोजक

Listen to this article


हरिद्वार। एसएमजेएन कॉलेज परिसर में ब्राह्मण समाज की विभिन्न संस्थाओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच के गठन की घोषणा की गई। बैठक में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी को मंच का मुख्य संयोजक नियुक्त किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि ब्राह्मण समाज के उत्थान, सम्मान और एकजुटता के लिए संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थाओं के समन्वय से समाज सेवा के कार्यों को गति दी जाएगी। मंच का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा तथा किसी भी संस्था का मंच में विलय नहीं किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि ब्राह्मण समाज की पहचान उसकी संस्कृति, परंपरा और शिक्षा से है। बच्चों को कर्मकांड एवं वैदिक शिक्षा निःशुल्क उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही समाज में संगठन, संस्कार और सेवा की भावना को मजबूत करने पर बल दिया गया।
स्वामी संतोषानंद ने कहा कि पश्चिमी संस्कृति के बढ़ते प्रभाव के बीच ब्राह्मण समाज को अपनी परंपराओं और मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होना होगा। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी ने कहा कि समय के अनुसार सकारात्मक परिवर्तन आवश्यक है, लेकिन अपनी सांस्कृतिक पहचान बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
बैठक में आगामी कुंभ मेले के दौरान ब्राह्मण समाज की सहभागिता पर भी चर्चा हुई। महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि इस बार कुंभ में ब्राह्मण समाज सामूहिक रूप से शाही स्नान करने का प्रयास करेगा, जिससे समाज की एकता का संदेश जाएगा।
इस अवसर पर स्वामी वेदमूर्ति गिरी, स्वामी कार्तिक गिरी, अरुण कुमार शर्मा, अधीर कौशिक, संजय शर्मा, सुनील कुमार बत्रा, ऋषभ शर्मा, राजेश शर्मा, पंकज शर्मा, अभय उनियाल, अरुण सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।