कांवड़ तैयारियां तेज, प्रशासनिक कार्रवाई, जनसेवा, सड़क हादसा, खेल उपलब्धि और स्वास्थ्य जागरूकता रही सुर्खियों में

Listen to this article

कांवड़ मेले की तैयारियों को 25 जुलाई तक पूर्ण करने के निर्देश

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर जिला प्रशासन युद्ध स्तर पर जुटा है। जिला पंचायत, सिंचाई विभाग और वन विभाग द्वारा कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान, मरम्मत, पार्किंग समतलीकरण और सीसीटीवी के लिए पेड़ों की छंटाई का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। वहीं, सुरक्षा दीवार निर्माण और जगजीतपुर मार्ग का डामरीकरण भी संपन्न हो चुका है।

दूसरे दिन भी जारी रहा जांच अभियान, 45 स्कूल बसों के चालान

हरिद्वार। एआरटीओ (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा के नेतृत्व में विद्यालयी वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र और लेडी अटेंडेंट जैसे सुरक्षा मानकों में कमियां पाए जाने पर 45 स्कूल वाहनों के चालान काटे गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।

नारसन में ‘सेवा पखवाड़ा’ शिविर आयोजित, 35 समस्याओं का मौके पर निस्तारण

हरिद्वार। राज्य सरकार के पाँच वर्ष पूर्ण होने पर विकासखंड नारसन में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा शिविर का आयोजन हुआ। राज्यमंत्री चौधरी अजित सिंह और देशराज कर्णवाल की उपस्थिति में 380 लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में प्राप्त 40 में से 35 समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।

नीलगाय की टक्कर से रैपिडो चालक घायल

हरिद्वार। भेल फाउंड्री गेट के पास बुधवार देर शाम सड़क पर अचानक आई नीलगाय की टक्कर से रैपिडो बाइक चालक जगत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने वाहन चालकों से सुनसान व वन क्षेत्रों में निर्धारित गति सीमा में सतर्कता से वाहन चलाने की अपील की है।

सीबीएसई तीरंदाजी में डीपीएस दौलतपुर की छात्रा अंशुल ने जीता कांस्य

हरिद्वार। कोटद्वार में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन तीरंदाजी प्रतियोगिता के अंडर-19 रिकर्व वर्ग में डीपीएस दौलतपुर की छात्रा अंशुल ने कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। 90 से अधिक विद्यालयों के खिलाड़ियों के बीच अंशुल और आरव गिरी के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रधानाचार्या पूनम श्रीवास्तव और प्रो-वाइस चेयरमैन विकास गोयल ने बधाई दी।

इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल्स ने आयोजित की स्वास्थ्य चर्चा

हरिद्वार। इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल्स और ज्वेलर्स एसोसिएशन के सहयोग से स्वास्थ्य चर्चा का आयोजन किया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों—डा. राजीव राजपूत, डा. निखिल अग्रवाल, डा. पाखी अग्रवाल, डॉ. अंशुल वर्मा और डा. हर्षित गर्ग ने हृदय रोग, कैंसर और यूरिनरी समस्याओं के शुरुआती लक्षणों व समय पर जांच के महत्व पर प्रकाश डाला।

कांवड़ मेले के दौरान सराय रोड पर ट्रैफिक सुचारू रखने की मांग

हरिद्वार। शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर के अध्यक्ष विपिन गुप्ता ने एसपी सिटी को पत्र लिखकर कांवड़ मेले के दौरान सराय रोड पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क पर ट्रक खड़े होने से अस्पतालों, स्कूलों और स्थानीय निवासियों को असुविधा होती है। साथ ही तेज आवाज में बजने वाले डीजे पर भी नियंत्रण की मांग की गई।