स्कूली वाहनों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 65 के चालान और 3 बसें सीज
हरिद्वार। बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग का अभियान तीसरे दिन भी जारी रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर ARTO प्रवर्तन नेहा झा और निखिल शर्मा के नेतृत्व में टीम ने वाहनों की फिटनेस, परमिट, DL, अग्निशमन यंत्र व महिला अटेंडेंट जैसे मानकों की जांच की। इस दौरान 65 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि बिना फिटनेस और बिना पंजीकरण के चल रही 3 बसों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
दुष्कर्म और लूट का 5 हजार का इनामी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

हरिद्वार। पथरी क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म, मारपीट और लूट के मामले में फरार चल रहे 5 हजार के इनामी आरोपी सुधीर उर्फ लक्की को पुलिस ने कटारपुर के पास से गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है। मामले के चार अन्य आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। गिरफ्तारी टीम में एसआई शाहिदा परवीन, कांस्टेबल नारायण व राकेश शामिल रहे।
किसान संगठन ने शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका, इस्तीफे की मांग

हरिद्वार। भारतीय किसान मजदूर उत्थान यूनियन ने जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और पेपर लीक मामलों को लेकर आर्यनगर चौक पर प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका। प्रदेश अध्यक्ष इरफान अली भट्टी ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
लघु व्यापारियों ने वेंडिंग जोन में छज्जा निकालने की अनुमति मांगी

हरिद्वार। लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने नगर निगम प्रशासन से वेंडिंग जोन की दुकानों के आगे बारिश से बचाव के लिए 3 फीट छज्जा निकालने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने वेंडिंग जोन में बिजली, पानी, सीसीटीवी और शौचालय की सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पंजीकृत 2545 स्ट्रीट वेंडर्स को कांवड़ मेले में व्यापार की अनुमति देने की अपील की।
झंडा चौक सौंदर्यीकरण से व्यापारियों को नहीं होगा नुकसान: डॉ. विशाल गर्ग

हरिद्वार। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती से वार्ता के बाद स्पष्ट किया कि कनखल के झंडा चौक के सौंदर्यीकरण से किसी व्यापारी को असुविधा नहीं होगी। उन्होंने बताया कि किसी तरह की तोड़फोड़ या अधिग्रहण नहीं किया जाएगा, बल्कि इससे क्षेत्र का पौराणिक स्वरूप बरकरार रहेगा और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।













