हरिद्वार में चेतन ज्योति आश्रम के सभागार में नगर की जानी-मानी संस्था ‘सुप्रयास’ द्वारा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एडीएम हरिद्वार वैभव गुप्ता ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अपना लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें, तो सफलता निश्चित ही मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि अवसर मिलने पर छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा से समाज और देश का मार्गदर्शन करने में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। सुप्रयास संस्था पिछले दो दशक से अधिक समय से शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को अवसर उपलब्ध करा रही है, जिसके लिए वह साधुवाद की पात्र है। उन्होंने सभी सम्मानित छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष एवं महामंत्री डाॅ० सत्यनारायण शर्मा ने संस्था का परिचय देते हुए बताया कि केवल चार बच्चों के साथ शुरू हुई यह संस्था आज 35 बच्चों का शैक्षणिक मार्गदर्शन कर रही है। संस्था “प्रयास आपका, सहयोग हमारा” के उद्देश्य से काम कर रही है। वहीं संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र नाथ गोस्वामी एडवोकेट ने बताया कि संस्था का मुख्य ध्येय आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसएमजेएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डाॅ० सुनील बत्रा ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज सम्मानित हो रहे बच्चों में से ही भविष्य के वैज्ञानिक, चिकित्सक, राजनेता और समाजसेवी निकलकर देश का मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि देश की भावी पीढ़ी को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रहे डाॅ० सत्यनारायण शर्मा से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।













