उत्तराखंड में सुशासन को गति: विकास, जनसुनवाई, प्रशासनिक सुधार, महिला सशक्तिकरण और स्वतंत्रता दिवस तैयारियों पर सरकार का फोकस

Listen to this article

जिलाधिकारी ने तहसील व एसडीएम कार्यालय का किया निरीक्षण
हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को तहसील परिसर और उपजिलाधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि सीमांकन एवं पैमाइश से जुड़े धारा-41 के तहत एक वर्ष से लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को लंबित प्रकरणों की जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं होगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
शक्ति संवाद कार्यक्रम में बालिकाओं को किया जागरूक


भीमताल/नैनीताल। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत एच.डी. डिग्री कॉलेज भीमताल में शक्ति संवाद संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा, लैंगिक समानता, बाल विवाह निषेध और महिला सुरक्षा कानूनों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने सरकारी योजनाओं, उद्यमिता और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। अंत में सभी ने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
जनसुनवाई में कुमाऊं आयुक्त ने कई मामलों का कराया समाधान


नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध निर्माण, डिजिटल धोखाधड़ी, पारिवारिक विवाद सहित कई शिकायतों की सुनवाई की। कई मामलों का मौके पर समाधान कराया गया तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। लापता पुलिसकर्मी की तलाश तेज करने, अवैध होम-स्टे पर कार्रवाई तथा भूमि विवादों की जांच के भी निर्देश जारी किए गए।
प्रशिक्षणार्थियों को कमिश्नरी की कार्यप्रणाली से कराया अवगत


नैनीताल। उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी में आयोजित 16वें आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 से चयनित 58 प्रशिक्षुओं को संबोधित किया। उन्होंने कमिश्नरी की कार्यप्रणाली, राजस्व प्रशासन, कानून व्यवस्था और विकास कार्यों के समन्वय की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों ने प्रशासनिक सुधारों से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका आयुक्त ने व्यावहारिक उत्तर दिया।
मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के लिए 676 करोड़ की मंजूरी दी


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में सोलर लाइट, पेयजल, विद्युत, उच्च शिक्षा तथा शहरी निकायों और जिला पंचायतों के विकास कार्यों के लिए 676 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इसमें एलईडी स्ट्रीट लाइट, पेयजल योजनाएं, विद्युत परियोजनाएं, केदारनाथ मास्टर प्लान, अगस्त्यमुनि पीजी भवन निर्माण तथा जिला पंचायतों और नगर निकायों को वित्तीय सहायता शामिल है।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, परेड ग्राउंड में होगा मुख्य समारोह


देहरादून। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। 15 अगस्त को परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ध्वजारोहण करेंगे। समारोह में राष्ट्रगान, भव्य परेड, स्वतंत्रता सेनानियों और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान कार्यक्रम आयोजित होंगे। ‘हर घर तिरंगा’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भी चलाया जाएगा।