
हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में मंगलवार को कांवड़ यात्रा के दौरान आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश के विभिन्न राज्यों से आए शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान हरकी पैड़ी और यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई।
अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने पाँच शिवभक्त कांवड़ियों के चरण प्रक्षालित कर (पैर धोकर) उनका सम्मान किया। इसके साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर’ का शुभारंभ किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएम धामी ने स्वयं कांवड़ियों को अपने हाथों से भोजन भी परोसा।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है। कांवड़ यात्रा सनातन परंपरा, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं।
सीएम ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस सेवा और आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कांवड़ यात्रा के सुचारु संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पाँच पुलिसकर्मियों और पाँच पर्यावरण मित्रों (स्वच्छता कर्मियों) को सम्मानित किया।
इस दौरान महामण्डलेश्वर ललितानंद गिरी महाराज,कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक,प्रदीप बत्रा एवं राम सिंह कैड़ा,जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी,विधायक आदेश चौहान,हरिद्वार मेयर श्रीमती किरण जैसल,पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद,भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा,गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप,मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका,आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी(कुंभ मेला)योगेन्द्र सिंह रावत,जिलाधिकारी मयूर दीक्षित,एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी(कुंभ मेला)आयुष अग्रवाल,नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र,पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्रीमती निशा यादव,अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ,एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह,सचिव एचआरडीए प्रत्यूष सिंह सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने किया।













