कांवड़ मेले में सेवा ही शिव साधना: कनखल के मानव कल्याण आश्रम में सेवा शिविर शुरू

Listen to this article

हरिद्वार के पवित्र क्षेत्र कनखल स्थित श्री मानव कल्याण आश्रम में श्री ललिताम्बा देवी ट्रस्ट के तत्वावधान में कांवड़ियों की सुविधा और सेवा हेतु एक सप्ताह तक चलने वाले विशेष सेवा शिविर का शुभारंभ भोजन प्रसाद वितरण के साथ किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महंत स्वामी दुर्गेशानन्द सरस्वती जी महाराज ने कहा कि श्रावण मास के पावन अवसर पर जो भी श्रद्धालु निष्ठा और पवित्र भाव से तीर्थनगरी हरिद्वार पहुँचकर अपने आराध्य भगवान शिव को जल अर्पित करने कांवड़ ले जाते हैं, उनकी निस्वार्थ सेवा करने से महादेव अत्यंत प्रसन्न होते हैं। स्वामी दुर्गेशानन्द सरस्वती ने कनखल क्षेत्र के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह स्थान भगवान शिव की ससुराल के रूप में प्रतिष्ठित है और हरकी पैड़ी से पावन गंगाजल लेकर प्रतिदिन लाखों कांवड़िये अपने गंतव्य की ओर यहीं से प्रस्थान करते हैं। ऐसे में इन श्रद्धालुओं की सेवा करना समूचे समाज के लिए अत्यंत गौरव, सौभाग्य और श्रद्धा का विषय है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए श्री ललिताम्बा देवी ट्रस्ट प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सप्ताह भर चलने वाले शिविर में अनवरत भोजन और प्रसाद वितरण का सेवा कार्य संचालित कर रहा है।

​समारोह में विचार व्यक्त करते हुए श्री ललिताम्बा देवी ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी अनिरुद्ध भाटी ने बताया कि ब्रह्मलीन पूज्या ललिताम्बा माताजी और ब्रह्मलीन पूज्य कल्याणानन्द सरस्वती जी का संपूर्ण जीवन धर्म के प्रचार-प्रसार और मानव कल्याण के पावन संकल्पों को समर्पित रहा है। उन्हीं महान संतों के दिखाए मार्ग और समृद्ध परंपरा का अनुसरण करते हुए ट्रस्ट द्वारा हर वर्ष कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जाती है। उन्होंने बताया कि निस्वार्थ सेवा की यह परंपरा विगत कई दशकों से निरंतर और निर्बाध रूप से चली आ रही है। वहीं ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष सुश्री रेणुका बेन एल. ठक्कर ने कहा कि श्रावण मास केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित न होकर सेवा कार्यों के विशेष महत्व को रेखांकित करता है। यह पवित्र महीना भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा और अगाध आस्था का प्रतीक है। तीर्थनगरी हरिद्वार में कदम रखने वाला प्रत्येक कांवड़िया पूजनीय है और उनकी श्रद्धापूर्वक सेवा करना ही ईश्वर की सच्ची आराधना है।

​इस सेवा शिविर के प्रसाद वितरण कार्यक्रम में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष बहादुर सिंह वर्मा, स्वामी हंसानन्द, क्षेत्रीय पार्षद भूपेन्द्र कुमार, सुरेन्द्र मिश्रा, संजय वर्मा, महेन्द्र और मिथलेश सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने सेवा कार्य में अपना योगदान दिया।