हरिद्वार: विश्व की सबसे बड़ी निरंतर चलने वाली कांवड़ यात्रा अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। यात्रा के अंतिम दिनों में देश के कोने-कोने से लाखों की संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेने के लिए धर्मनगरी हरिद्वार पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तराखंड सरकार और स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, मेडिकल कैंप, भोजन और ठहरने के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
यात्रा पर आए श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की है। मोदी नगर से आए शिवभक्त तरुण कुमार, छठी बार कांवड़ लेने पहुंचे गोपाल कश्यप और अखिल पंडित सहित दिल्ली, उत्तर प्रदेश, नोएडा और हरियाणा से आए श्रद्धालुओं ने बताया कि इस बार यात्रा मार्गों पर सुविधाएं पहले से काफी बेहतर हैं। श्रद्धालुओं ने विशेष रूप से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा कांवड़ियों के पैर धोकर सम्मान करने और हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
शिवभक्तों का कहना है कि पूरी यात्रा के दौरान पुलिस और प्रशासन का भरपूर सहयोग मिल रहा है। जगह-जगह हुए भव्य स्वागत और बेहतर सेवाभाव के कारण इस वर्ष कांवड़ यात्रा का अनुभव उनके लिए अत्यंत सुखद और यादगार बन गया है।













