हरिद्वार में बड़ा हादसा: रेलिंग पार कर गहरे पानी में उतरे 3 कांवड़िये, 2 लापता और 1 को जल पुलिस ने बचाया

Listen to this article

धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ मेले के दौरान शनिवार को नमामि गंगे घाट पर गंगा स्नान करते समय बड़ा हादसा हो गया। तीन कांवड़िये स्नान के दौरान घाट की सुरक्षा रेलिंग पार कर गंगा के गहरे हिस्से में चले गए। पानी के तेज बहाव और गहराई का अंदाजा न होने के कारण मेठरा, मुरादाबाद निवासी 20 वर्षीय पंकज और पोड़री, बुलंदशहर निवासी 22 वर्षीय आनंद कश्यप गंगा में डूबकर लापता हो गए। वहीं, तीसरे कांवड़िए दिल्ली निवासी गौतम को घाट पर मौजूद जल पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद जल पुलिस, एसडीआरएफ और पीएसी आपदा राहत दल की टीमों ने गोताखोरों और बोट की मदद से व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन देर शाम तक दोनों लापता कांवड़ियों का कोई सुराग नहीं मिल सका। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि लापता कांवड़ियों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से उत्साह में सुरक्षा नियमों की अनदेखी न करने, निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने और गंगा की रेलिंग पार कर गहरे पानी में न जाने की अपील की है।