हरिद्वार संक्षिप्त: कांवड़ यात्रा में आस्था, सेवा और सियासत के रंग; नियमों पर पुलिस की कार्रवाई से लेकर सनातन परंपरा और राजनीतिक बयानबाजी तक छाए रहे मुद्दे

Listen to this article


सैकड़ों हॉर्न वाली बाइक लेकर हरिद्वार पहुंचा कांवड़िया, पुलिस ने किया सीज

हरिद्वार में बाइक पर सैकड़ों हॉर्न लगाकर पहुंचे फरीदाबाद निवासी अमन की बाइक को शंकराचार्य चौक पर पुलिस ने रोककर मोडिफाइड होने के कारण सीज कर दिया। बाइक को कनखल थाने ले जाते पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। कनखल थाने के एसएसआई अनुज कुमार ने बताया कि नियमों के उल्लंघन के चलते कार्रवाई की गई।

अखिलेश यादव की दीर्घायु के लिए हरिद्वार से इटावा पैदल कांवड़ ले जाएंगी सुमन देवी

इटावा निवासी सुमन देवी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना को लेकर हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल कांवड़ यात्रा पर निकली हैं। ज्वालापुर स्थित सपा जिला कार्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सपा नेताओं ने उनके संकल्प को प्रेरणादायी बताया।

शिवभक्तों की सेवा में सभी दें योगदान : विधायक आदेश चौहान

बहादराबाद में मां भगवती जनसेवा समिति के कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने किया। इस दौरान कांवड़ियों को भंडारा प्रसाद वितरित किया गया। आदेश चौहान ने कहा कि विभिन्न राज्यों से आने वाले शिवभक्त उत्तराखंड के अतिथि हैं और उनकी सेवा करना सभी का दायित्व है।

कुंभ से पहले सनातन और संत परंपरा को बदनाम करने की साजिश : रविंद्रपुरी

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने अखाड़ों द्वारा धन लेकर पद दिए जाने संबंधी वायरल वीडियो को भ्रामक और फर्जी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुंभ से पहले एआई तकनीक के दुरुपयोग से संत परंपरा और सनातन धर्म को बदनाम करने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रशासन से वीडियो की तकनीकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

यूथ कांग्रेस ने कांवड़ियों की सेवा कर मनाया स्थापना दिवस

यूथ कांग्रेस स्थापना दिवस पर महानगर यूथ कांग्रेस हरिद्वार ने कनखल में कांवड़ यात्रियों के लिए सेवा शिविर लगाया। कार्यकर्ताओं ने फल, जल और प्रसाद वितरित किया। महानगर अध्यक्ष अंकुर सैनी ने कहा कि संगठन सेवा कार्यों के माध्यम से जनता के बीच अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा।

पर्यटन के लिए नहीं, जनता और अपने लोगों के लिए उत्तराखंड आया हूं’ : खड़गे

रुद्रपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उनका उत्तराखंड दौरा पर्यटन के लिए नहीं, बल्कि जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्रों के मुद्दे उठाने तथा संगठन को मजबूत करने के लिए है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया।

कांग्रेस नेताओं के व्यवहार पर कैड़ा का हमला, बोले—पद की गरिमा का रखें ध्यान

हल्द्वानी में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य पर एसएसपी कार्यालय में पुलिस अधिकारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। खड़गे के भाजपा-आरएसएस संबंधी बयान पर भी कैड़ा ने आपत्ति जताते हुए उनसे सार्वजनिक माफी की मांग की।