भारी वर्षा के बीच धर्मनगरी हरिद्वार में डाक कांवड़ यात्रा के दौरान हरकी पैड़ी सहित प्रमुख गंगा घाटों पर शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं भारी बारिश के दौरान शंकराचार्य चौक पहुंचे। जीरो ग्राउंड पर निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों, सुरक्षा बलों और प्रशासनिक अधिकारियों को पूरी सतर्कता तथा संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी शिवभक्तों की यात्रा सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डाक कांवड़ियों से भी गंगा घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने शहर के विभिन्न जलभराव वाले क्षेत्रों जैसे भगत सिंह चौक और चंद्राचार्य चौक का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों से तुरंत जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रशासन डाक कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह अलर्ट है।













