संदेश नगर में जलभराव से जीवन अस्त-व्यस्त, समाधान न होने पर यूथ कांग्रेस देगी धरना
हरिद्वार। सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण कनखल क्षेत्र के वार्ड 26 (संदेश नगर) में सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया और गंदा पानी घरों में घुस गया। इससे स्थानीय निवासी घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। यूथ कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष अंकुर सैनी ने नाले की सफाई न होने को जलभराव का मुख्य कारण बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बड़े नाले से जल निकासी का स्थायी समाधान जल्द नहीं किया गया, तो यूथ कांग्रेस आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
सफाई कर्मचारी आयोग और शहरी विकास सचिव की बैठक 19 अगस्त को
हरिद्वार। नगर निकाय कर्मियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना और शहरी विकास सचिव 19 अगस्त को देहरादून स्थित पंचायती राज निदेशालय में श्रमिक यूनियनों के साथ बैठक करेंगे। उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चे के प्रदेश संयोजक चौधरी सुरेंद्र तेश्वर ने बताया कि बैठक में संविदा, दैनिक व तदर्थ कर्मियों के विनियमितीकरण, रिक्त पदों और हरिद्वार नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही से कर्मियों को हो रहे नुकसान के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
कांवड़ मेले में बिछड़े 12 वर्षीय बालक को पुलिस ने पिता से मिलाया

हरिद्वार। कांवड़ मेले की भीड़ में ग्रेटर नोएडा (जलालपुर) निवासी रोशन से उनका 12 वर्षीय पुत्र शिव बिछड़ गया। ड्यूटी पर तैनात प्रशिक्षु एसआई सौरभ चौधरी ने बालक को परेशान देखकर उससे जानकारी जुटाई और परिजनों की तलाश कर उसे सुरक्षित पिता के सुपुर्द कर दिया। अपने पुत्र को वापस पाकर पिता ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
शिवालिक नगर: पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने किया सड़कों का लोकार्पण व शिलान्यास

हरिद्वार। नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने शिवरतन सिटी फेज 2 में सड़कों का लोकार्पण किया और गणेश एन्क्लेव में नई सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के संतुलित विकास को पालिका की प्राथमिकता बताया। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत स्थानीय लोगों को तिरंगा वितरित कर स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाने का आह्वान किया।













