कांवड़ यात्रा निर्विघ्न और सकुशल संपन्न, अंतिम दिन 36.62 लाख शिवभक्तों ने उठाया गंगाजल

Listen to this article


हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 निर्विघ्न, सकुशल और सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। मेले के अंतिम दिन मंगलवार को हरिद्वार में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, अंतिम दिन 36 लाख 62 हजार कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
कांवड़ यात्रा शुरू होने से लेकर अंतिम दिन तक कुल 4 करोड़ 80 लाख 40 हजार शिवभक्त हरिद्वार पहुंचकर पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।
कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस और प्रशासनिक बल ने लगातार सतर्कता बरती। भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारियां की गईं।
प्रशासन और पुलिस की समन्वित कार्ययोजना तथा श्रद्धालुओं के सहयोग से कांवड़ यात्रा का सफलतापूर्वक समापन हुआ। विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान लाखों शिवभक्तों ने हरिद्वार से गंगाजल लेकर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।