हरिद्वार के भूपतवाला में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक्सपायरी सामग्री मिलने पर होटल सीज जैसी सामग्री नष्ट
हरिद्वार:
नवरात्र पर्व और चारधाम यात्रा के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में कड़ा रुख अपनाते हुए होटलों और रेस्टोरेंटों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान सप्तऋषि चुंगी के पास स्थित ‘होटल शांति हेरिटेज’ की किचन में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जहां एक्सपायरी डेट (अवधि पार) हो चुके दूध और ब्रेड से ग्राहकों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था।
बिना लेबल का 120 किलो आटा सीज
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने होटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर एक्सपायरी तिथि के बाद के करीब 20 पैकेट दूध और ब्रेड मिले, जिन्हें अधिकारियों ने तुरंत मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
इसके अलावा, किचन में 10-10 किलोग्राम के आटे के 12 सीलबंद कट्टे भी बरामद किए गए। इन कट्टों पर पैकिंग तिथि, एक्सपायरी तिथि, एमआरपी (अधिकतम खुदरा मूल्य) और बैच नंबर जैसी आवश्यक जानकारियां अंकित नहीं थीं। विभाग ने आटे का विधिक नमूना (सैंपल) लेते हुए शेष सामग्री को सीज कर होटल प्रबंधन की अभिरक्षा में सौंप दिया है।
शेफ और डायरेक्टर पर तीन लाख तक के जुर्माने की तैयारी
खाद्य सुरक्षा मानकों के भारी उल्लंघन को देखते हुए विभाग ने होटल के शेफ और नॉमिनी/डायरेक्टर के खिलाफ संबंधित अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई प्रस्तावित कर दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, इन प्रावधानों के तहत दोषियों पर अधिकतम तीन लाख रुपये तक का अर्थदंड लगाया जा सकता है।
एक सप्ताह में दस्तावेज पेश करने के निर्देश
छापेमारी के दौरान होटल प्रबंधन पानी और खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल का रिकॉर्ड, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, खाद्य सामग्री की खरीद के पक्के बिल और होटल संचालन से जुड़े जरूरी कागजात पेश नहीं कर सका।
विभाग ने होटल प्रबंधन को कड़ी चेतावनी देते हुए सभी आवश्यक अभिलेख एक सप्ताह के भीतर कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में यह छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।














