हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की दिव्य एवं भव्य तैयारियों को समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए मेला प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध नजर आ रहा है। गुरुवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका की अध्यक्षता में परामर्शदात्री समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी कुंभ आयोजन में जनसहभागिता बढ़ाना तथा व्यवस्थाओं को और अधिक व्यावहारिक व जनउपयोगी बनाना था।
बैठक में हरिद्वार, ऋषिकेश तथा आसपास के क्षेत्रों के धार्मिक, सामाजिक, व्यापारिक और नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मेला प्रशासन द्वारा कुंभ-2027 का आधिकारिक लोगो, कुंभ गीत (थीम सॉन्ग) और आधिकारिक वेबसाइट का शानदार प्रस्तुतिकरण किया गया। इस वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और हितधारकों को निर्माण कार्यों की प्रगति, सुविधाओं और मेला क्षेत्र से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां डिजिटल रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी।
पारदर्शिता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं: मेलाधिकारी
बैठक को संबोधित करते हुए मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला सनातन संस्कृति का महान पर्व है, जिसमें विश्वभर से करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेला प्रशासन का मुख्य फोकस कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और उच्च गुणवत्ता बनाए रखने पर है।
उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सड़कों का चौड़ीकरण, घाटों का सुंदरीकरण, प्रकाश एवं पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता तथा पार्किंग स्थलों के विस्तार का काम तेज गति से चल रहा है। इसके साथ ही अस्थायी आवास, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाओं और अतिक्रमण नियंत्रण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि विभिन्न संगठनों से मिले बहुमूल्य सुझावों को अमल में लाकर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।
प्रतिनिधियों ने की तैयारियों की सराहना, दिए कई महत्वपूर्ण सुझाव
बैठक में उपस्थित विभिन्न अखाड़ों के संतों, धार्मिक गुरुओं, व्यापार मंडलों और स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों ने कुंभ-2027 की पूर्व तैयारियों और मेला प्रशासन की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने मेला क्षेत्र में यातायात प्रबंधन, घाटों की सुरक्षा, चिकित्सा सेवाओं के विस्तार तथा स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
विशिष्ट गणमान्य व्यक्तियों की रही मौजूदगी
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, वहीं अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने आगामी योजनाओं का ब्यौरा दिया।
कार्यक्रम में नगर निगम हरिद्वार की महापौर श्रीमती किरण जैसल, ऋषिकेश के महापौर श्री शंभू पासवान, श्री गंगा सभा के अध्यक्ष श्री नितिन गौतम एवं महामंत्री श्री तन्मय वशिष्ठ, निरंजनी अखाड़े के महंत राज गिरि, भारत साधु समाज के स्वामी शिवानंद, भारत माता मंदिर के स्वामी ललितानंद, प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र चौधरी, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष श्री संजीव नैयर, धर्मशाला समिति एवं होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।













