मेलाधिकारी सोनिका ने चंडी चौक से धनुष पुल तक किया स्थलीय निरीक्षण, आस्थापथ विस्तार कार्य में तेजी लाने के निर्देश

Listen to this article

हरिद्वार, 18 नवंबर 2026

​कुंभ मेला-2027 के दिव्य और भव्य आयोजन की तैयारियों के तहत हरिद्वार में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन और सुरक्षा को लेकर अवस्थापना सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में आस्थापथ का सौंदर्यीकरण करने के साथ ही इसे धनुष पुल से बैरागी कैंप तक आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण परियोजना पर तीव्र गति से कार्य चल रहा है। इस मार्ग के तैयार होने से श्रद्धालुओं को हरकी पैड़ी तक आने-जाने के लिए एक बेहतर वैकल्पिक रास्ता मिलेगा, जिससे मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन स्थितियों में सुरक्षित निकासी बेहद आसान हो जाएगी।

​बुधवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने चंडी चौक से धनुष पुल तक पैदल भ्रमण कर आस्थापथ के विस्तार और अन्य विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। परियोजना के तहत धनुष पुल से आस्था पुल को जोड़ते हुए दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग तक मार्ग का निर्माण लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जबकि इससे आगे तटवर्ती क्षेत्र में करीब 270 मीटर लंबे एलीवेटेड मार्ग का निर्माण भी तेजी से जारी है। मेलाधिकारी ने एलीवेटेड मार्ग के काम में विशेष तेजी लाने और कुंभ शुरू होने से पहले पूरे विस्तारित हिस्से को सुसज्जित करने के लिए दिन-रात काम करने तथा गुणवत्ता की निरंतर निगरानी रखने की हिदायत दी।

​निरीक्षण के क्रम में मेलाधिकारी ने धनुष पुल से सीसीआर के बीच नवनिर्मित घाट के अंतिम चरण के कार्यों को भी देखा। उन्होंने घाट के शेष कार्यों को तत्काल पूरा करने और वहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा, जनसुविधाओं व प्रकाश व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम समय रहते सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और एडमिन रोड के निर्माण की प्रगति भी परखी। उन्होंने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए नियमित निगरानी करने तथा जनसुविधाओं और लाइटिंग के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

​गौरतलब है कि इस विस्तार परियोजना के अंतर्गत धनुष पुल से चंडी चौक तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे हिस्से का निर्माण यूआईआईडीबी की रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना के तहत यूपीडीसीसी द्वारा कराया जा रहा है, जबकि इससे आगे आस्थापथ को बैरागी कैंप से जोड़ने का कार्य उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग कर रहा है। निरीक्षण के दौरान यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक श्री सुमित मलवाल, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अभियंता श्री भारत भूषण समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।