हरिद्वार: आज जगजीतपुर स्थित एस एम पब्लिक स्कूल में भारत विकास परिषद की पंचपुरी शाखा ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य लाभ के लिए एक विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन किया। इस कैंप में डॉक्टरों की एक टीम ने छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें स्वस्थ रहने के तरीकों के बारे में बताया।
कैंप में डॉ. शिवम सेठी (एमबीबीएस, एमडी मेडिसिन), डॉ. नेहा वर्मा (बीडीएस), डॉ. अक्षय (बीएएमएस) और अरुण सैनी (आई सर्जन) ने हिस्सा लिया। उन्होंने छात्रों को बताया कि कैसे वे स्वस्थ रहकर एक अच्छा जीवन जी सकते हैं। कैंप में छात्राओं में एनीमिया की जांच भी की गई।
कुल मिलाकर 375 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ दांतों, आंखों, ब्लड प्रेशर और शुगर की भी जांच की गई।
इस मेडिकल कैंप का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में शिक्षक, नेता और चिकित्सक को सही तरीके से अपना काम करना चाहिए। अगर ये तीनों सही तरीके से काम करें तो देश जल्दी सुधर सकता है। उन्होंने भारत विकास परिषद द्वारा किए जा रहे इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों की प्रशंसा की।
पंचपुरी शाखा के अध्यक्ष निखिल वर्मा ने कहा कि भारत विकास परिषद स्वास्थ्य के क्षेत्र में जन जागरूकता फैलाने के लिए काम कर रही है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि और पंचपुरी शाखा के पदाधिकारियों ने डॉक्टरों को सम्मानित किया। प्रांतीय कोषाध्यक्ष ललित चंद पाण्डेय, कार्यकारी सचिव कुशल श्रीवास्तव, महिला संयोजिका मिनी पुरी, सह सचिव संजय नैथानी, कोष सचिव विकास गिरि, उपाध्यक्ष विश्वास सक्सेना, जे के मोंगा, आभा वर्मा, उषा वर्मा आदि ने भी इस मेडिकल कैंप को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
2024-12-12