हरिद्वार, 22 मई: भारतीय संस्कृति फाउंडेशन द्वारा परमार्थ आश्रम घाट पर एक अनूठे नृत्य कला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव भारतीय शास्त्रीय कलाओं की विभिन्न शैलियों को समर्पित होगा।
फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक मानवी शर्मा ने प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि शुक्रवार शाम को होने वाले इस महोत्सव में शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत के कलाकार तबला, मृदंग, पखावज, बांसुरी और गिटार जैसे वाद्यों की मधुर संगत प्रस्तुत करेंगे।
महोत्सव की विशेष प्रस्तुति के रूप में प्रसिद्ध कलाकार डॉ. रागिनी मक्कड़ द्वारा निर्देशित भव्य गंगा नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। डॉ. मक्कड़ ने बताया कि नृत्य और संगीत के माध्यम से गंगा के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्व को दर्शाया जाएगा।
इस अवसर पर भव्य गंगा आरती का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन जुड़ेंगे, जो एक रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य है। महोत्सव का समापन सामूहिक गंगा आरती के साथ होगा, जिसमें सैकड़ों कलाकार एक साथ आरती करेंगे।
पत्रकार वार्ता में फाउंडेशन की सचिव रितु शर्मा, सुनीता गोड़, मीडिया प्रभारी ममता चौहान, रितु शर्मा तथा भाजपा नेता राहुल चौहान भी उपस्थित रहे। सभी ने लोगों से महोत्सव में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह भारतीय संस्कृति, कला और आध्यात्मिक चेतना का अनूठा संगम है, जो समाज में सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा देगा।
2025-05-22