चाका, 14 जून : भाजपा सरकार के देश में 11 साल पूरे होने पर गजा तहसील के चाका बाजार में “11 साल प्रोफेशनल मीट” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और भाजपा कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सुबोध उनियाल और अन्य उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर, सुबोध उनियाल ने भाजपा की नीतियों, योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को लोगों के सामने रखा। उन्होंने बताया कि 2014 से अब तक भाजपा सरकार ने देश को राजनीतिक स्थिरता के साथ-साथ आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय मोर्चों पर भी आगे बढ़ाया है।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि 11 साल में देश ने विकास के नए मानक गढ़े हैं। उन्होंने देशभर में वन क्षेत्र बढ़ाने के लिए रिकॉर्ड स्तर पर पौधारोपण, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, और आयुष्मान भारत योजना जैसी योजनाओं से करोड़ों गरीबों को लाभ पहुंचाने की बात कही। उनियाल ने दावा किया कि पहले जो योजनाएं केवल कागजों तक सीमित थीं, भाजपा सरकार ने उन्हें जमीनी हकीकत में बदला है।
उन्होंने सड़क, रेल, हवाई अड्डों और बॉर्डर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक कार्यों का भी जिक्र किया, जिसमें उत्तराखंड में चारधाम परियोजना एक प्रमुख उदाहरण है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुसार, ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है। राज्य स्तर पर, उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार ने वन पंचायतों को मजबूत किया है और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देकर युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा है।
उनियाल ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत जनता का विश्वास है और दावा किया कि पार्टी आने वाले समय में भी जनता के भरोसे पर खरी उतरेगी और विकास की गति को और तेज करेगी।
इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री गजेंद्र खाती, मंडल अध्यक्ष राजेश रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गिरीश बंठवाण, पूर्व प्रधान व नरेंद्रनगर प्रधान संगठन के अध्यक्ष धन सिंह सजवाण, पूर्व मंडी समिति के अध्यक्ष वीर सिंह रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मकान सिंह चौहान, महिपाल सिंह सुरियाल, भगवान सिंह रावत, पूर्व प्रधान विनोद विजल्वाण, राजेंद्र सिंह सुरियाल, व्यापार सभा अध्यक्ष जीतराम उनियाल, मुनेंद्र उनियाल, शेर सिंह पायल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
2025-06-14