श्री रामानंदी वैष्णव मंडल की कमान फिर बाबा बलराम दास हठयोगी के हाथ

Listen to this article

हरिद्वार। श्री रामानंदी वैष्णव मंडल के चुनाव में बाबा बलराम दास हठयोगी को एक बार फिर सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। रामानंदाचार्य रामानंद आश्रम, आचार्य महापीठ श्रावणनाथ नगर में आयोजित चुनाव प्रक्रिया में बड़ी संख्या में वैष्णव संतों ने भाग लिया।
चुनाव के दौरान अध्यक्ष पद के लिए महंत दुर्गा दास और बाबा बलराम दास हठयोगी के नाम प्रस्तावित किए गए। महंत रघुवर दास महाराज ने महंत दुर्गा दास के नाम का प्रस्ताव रखा, जबकि महंत प्रेमदास, महंत प्रमोद दास, महंत विष्णु दास सहित अन्य संतों ने बाबा बलराम दास हठयोगी के नाम का समर्थन किया।
समर्थन के दौरान बाबा बलराम दास हठयोगी के पक्ष में 30 से अधिक ìसंतों ने अपनी सहमति जताई, जबकि महंत दुर्गा दास के पक्ष में करीब छह संतों का समर्थन बताया गया। इसके बाद बाबा बलराम दास हठयोगी को पुनः श्री रामानंदी वैष्णव मंडल का अध्यक्ष घोषित किया गया।
पुनः अध्यक्ष चुने जाने पर वैष्णव संतों और समर्थकों में खुशी का माहौल रहा। संतों ने बाबा बलराम दास हठयोगी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनसे संत समाज की एकता, सेवा और धार्मिक परंपराओं को मजबूत करने की अपेक्षा जताई।
अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद बाबा बलराम दास हठयोगी ने सभी संतों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें दोबारा सौंपी गई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि मंडल की गरिमा बनाए रखने, संत समाज की एकता को मजबूत करने और सनातन परंपराओं के संरक्षण के लिए सभी संतों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि श्री रामानंदी वैष्णव मंडल के माध्यम से संत समाज से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाने के साथ धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडल किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि समूचे वैष्णव संत समाज का साझा मंच है। उन्होंने सभी संतों से सहयोग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद बनाए रखने का आह्वान किया।