देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में आध्यात्मिक पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का अवलोकन किया। फिल्म बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, आध्यात्मिक साधना, भक्ति, मानव सेवा और लोककल्याण की भावना पर केंद्रित है।
फिल्म देखने के दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, दायित्वधारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फिल्म के प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संत परंपरा ने सदियों से समाज को सेवा, प्रेम, करुणा, सत्य और सद्भाव का रास्ता दिखाया है। बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन भी इन मूल्यों का सशक्त उदाहरण है। उनके जीवन से मानवता की सेवा और प्रत्येक व्यक्ति के प्रति प्रेम एवं करुणा की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल देवभूमि के रूप में ही नहीं, बल्कि महान संतों और आध्यात्मिक विभूतियों की तपोभूमि के रूप में भी है। बाबा नीब करौरी महाराज से जुड़ा कैंची धाम आज देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
उन्होंने कहा कि संतों के जीवन और उनके विचारों को आधुनिक माध्यमों के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंचाना भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से युवाओं को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। ‘हनुमान अंश’ में भक्ति के साथ-साथ सेवा, विनम्रता, प्रेम और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को प्रमुखता दी गई है।
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी तथा कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और सकारात्मक जीवन मूल्यों पर आधारित फिल्मों से समाज में संस्कार एवं मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा मिलता है।
गौरतलब है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। इसमें शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म हिंदी भाषा में 7 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई।
2026-09-04














