देहरादून: पटेलनगर पुलिस ने एक व्यक्ति को शिकार बनाकर लूटपाट करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
कानपुर (उ.प्र.) की रहने वाली गीता गुप्ता ने पुलिस को तहरीर दी थी कि एक अज्ञात ऑटो चालक ने उनके पति सतीश को नशीला पदार्थ खिलाकर उनका एटीएम और कैश चोरी कर लिया है। शिकायत पर बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संडे मार्केट ग्राउंड (ISBT) के पास से दो अभियुक्तों—विवेक चौधरी (22) और मोहित शुक्ला (20)—को धर दबोचा। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई एक सोने की अंगूठी, ₹1,500 नकद और वारदात में इस्तेमाल बाइक (UK-07-HA-9659) बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विडलांस फैक्ट्री में काम करते हैं। घटना वाले दिन उन्होंने टर्नर रोड पर सड़क किनारे एक व्यक्ति को नशे की हालत में पड़ा देखा और उसकी अंगूठी, चेन व पैसे पार कर दिए। हड़बड़ी में भागते समय चोरी हुई चेन कहीं गिर गई और चुराए गए बाकी पैसों को उन्होंने नशे व घूमने-फिरने में खर्च कर दिया।












