हरिद्वार: वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं पर गोष्ठी आयोजित, डॉ० अशोक गिरि ने दिए ‘आनन्दमय वरिष्ठजन केन्द्र’ स्थापित करने के सुझाव

Listen to this article
  1. ​हरिद्वार के राज्य अतिथि गृह (डाम कोठी) में वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद, उत्तराखण्ड के उपाध्यक्ष श्री नवीन चन्द्र वर्मा की अध्यक्षता में नगर की वरिष्ठ नागरिक संस्थाओं की एक गोष्ठी आयोजित हुई।

​कार्यक्रम में श्रवण सेवा एवं शोध संस्थान (पंजी०), बडोला जी वेलफेयर फाउण्डेशन (पंजी०) और सीनियर सिटीजन फोरम (पंजी०) के प्रतिनिधियों ने उपाध्यक्ष महोदय का पुष्प-गुच्छ, माला, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया।

​गोष्ठी के दौरान समाज सेवक व हिन्दी सेवक डॉ० अशोक गिरि, समाज सेवक पं० गोपाल कृष्ण बडोला और चौ० चरण सिंह ने ज्ञापन सौंपकर वरिष्ठ नागरिकों की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। इस अवसर पर डॉ० अशोक गिरि ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “वृद्धजनों के लिए वृद्धाश्रम नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक, बौद्धिक एवं स्वास्थ्यवर्धक केन्द्र स्थापित होने चाहिए, जिनका नाम ‘आनन्दमय वरिष्ठजन केन्द्र’ हो और जिनके मुख्य तत्व मिलन, संवाद, स्वास्थ्य व मनोरंजन हों।”

​बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा व चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ शहर की अन्य ज्वलंत समस्याओं—जैसे पार्किंग, गंगा प्रदूषण और अतिक्रमण—पर भी विस्तार से चर्चा की गई।