मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में गोलीबारी, जिम रिसेप्शनिस्ट युवती घायल; एम्स ऋषिकेश में भर्ती

Listen to this article

हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मायापुर स्थित वाल्मीकि बस्ती में शुक्रवार देर रात गोलीबारी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। बदमाशों द्वारा एक युवक को निशाना बनाकर की गई फायरिंग के दौरान बीच में आई एक युवती गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को तुरंत इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

अंश को निशाना बनाने पहुंचे थे बदमाश

मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवती की पहचान केशर के रूप में हुई है, जो हरिद्वार के खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट का काम करती है। वह मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में अंश नामक युवक के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि अंश का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज हैं।

​शुक्रवार रात कुछ हमलावर अंश को निशाना बनाने के इरादे से उसके घर पहुंचे थे। बदमाशों ने जैसे ही अंश पर गोली चलाने की कोशिश की, केशर बीच में आ गई और गोली उसे जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

​पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फायरिंग करने वाले कौन थे और वारदात के पीछे का मुख्य कारण क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस दोनों के आपराधिक background और आपसी विवादों की भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, घायल युवती के बयान और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।