हरिद्वार (17 अक्टूबर 2026):
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के मार्गदर्शन में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से महिला सशक्तीकरण एवं स्वरोजगार को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। इसी कड़ी में हरिद्वार जिले के लालढांग क्षेत्र स्थित आशा ग्राम संगठन की अध्यक्ष हेमा नेगी ने स्वावलंबन की एक नई मिसाल पेश की है।
हेमा नेगी ने ग्रामीण उद्यमिता एवं आजीविका संवर्धन से संबंधित रिप (REAP) परियोजना के सहयोग से दिसंबर 2025 में लगभग ₹10 लाख की लागत से एक मसाला यूनिट की शुरुआत की। इसमें उन्हें ₹6 लाख की सब्सिडी और ₹3 लाख का ऋण प्राप्त हुआ, जबकि ₹1 लाख उन्होंने स्वयं लगाए।
वर्तमान में इस मसाला यूनिट के माध्यम से प्रतिमाह लगभग ₹60 हजार का कारोबार हो रहा है। हेमा नेगी की इस पहल से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है, बल्कि क्षेत्र की अन्य स्थानीय महिलाओं के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। हेमा नेगी ने अपनी इस सफलता के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और रिप परियोजना का आभार व्यक्त किया है।














