2026 दिव्य ज्योति के अवतरण का वर्ष बनेगा: डॉ. चिन्मय पण्ड्या

Listen to this article

माता भगवती देवी शर्मा की स्मृति में स्मारक डाक टिकट जारी, डॉ. मोहन भागवत रहे मुख्य अतिथि

​हरिद्वार। अखिल विश्व गायत्री परिवार की प्रमुख शैलदीदी की अध्यक्षता में माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी समारोह का वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और आंवलखेड़ा, मथुरा व हरिद्वार से लाए गए तीन कलशों के प्रवेश के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, स्वामी राजराजेश्वराश्रम और समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने माताजी के त्याग और सेवा की स्मृति में एक विशेष स्मारक डाक टिकट का संयुक्त रूप से विमोचन किया।

​प्रातःकालीन सत्र के मुख्य अतिथि डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि किसी भी संगठन के सौ वर्ष पूरे होना और उसे अनुशासन से आगे बढ़ाना बड़ी चुनौती है, किंतु ईश्वरीय उद्देश्य से जुड़े कार्यों का विस्तार निश्चित है। उन्होंने कहा कि वैश्विक समस्याओं के समाधान के लिए आज पूरी दुनिया भारत और सनातन संस्कृति की ओर देख रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हनुमान जी की भांति समर्पित होकर समाज निर्माण में जुटने का आह्वान किया।

​समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने महर्षि अरविन्द के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2026 इतिहास में दिव्य ज्योति के अवतरण के रूप में दर्ज होगा। उन्होंने माता भगवती देवी शर्मा के तप और अश्वमेध महायज्ञों के संचालन में उनकी अद्वितीय संगठन शक्ति को नमन किया। कार्यक्रम में स्वामी राजराजेश्वराश्रम सहित अनेक संतों ने आशीर्वचन दिए और भारत सहित 40 देशों से आए परिजनों ने भाग लिया।

​शैलदीदी से डॉ. भागवत की आत्मीय भेंट

प्रवास के दौरान डॉ. मोहन भागवत ने शांतिकुंज पहुंचकर अधिष्ठात्री शैलदीदी से भेंट की और सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विषयों पर संवाद किया। उन्होंने सिद्ध अखंड दीप के दर्शन कर विश्व मंगल की कामना की तथा युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य व माता भगवती देवी शर्मा की चरण पादुकाओं पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर शैलदीदी ने डॉ. भागवत को गायत्री महामंत्र अंकित उपवस्त्र व युग साहित्य भेंट कर सम्मानित किया।