विधानसभा चुनाव-2027 हेतु जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण
देहरादून। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए परेड ग्राउंड स्थित बॉक्सिंग हॉल में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कार्मिकों को मतदान केंद्रों के मार्ग, दूरी, भवन, एएमएफ, कनेक्टिविटी और क्रिटिकल बूथों की मैपिंग का विस्तृत डेटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में 50 में से 46 जोनल और 239 में से 218 सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।
देहरादून में युवाओं को हॉस्पिटैलिटी, तकनीकी और सप्लाई चेन का निःशुल्क प्रशिक्षण
देहरादून। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना-4.0 के तहत 15 से 45 वर्ष के युवाओं के लिए 3 से 4 माह के निःशुल्क शॉर्ट-टर्म कोर्स शुरू किए गए हैं, जिनमें 650 से अधिक सीटें उपलब्ध हैं। आईएचएम देहरादून में हॉस्पिटैलिटी (500 से अधिक सीटें), सहसपुर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में सोलर पीवी इंस्टॉलर व असिस्टेंट मैकेनिस्ट (40-40 सीटें) और दून विश्वविद्यालय में सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव (100 सीटें) का प्रशिक्षण दिया जाएगा। युवतियों के लिए निःशुल्क आवास और प्रशिक्षण के बाद प्लेसमेंट सहायता भी मिलेगी।
दिसंबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित होगा ‘दिशा-ध्याणी’ कार्यक्रम
देहरादून। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित ‘दिशा-ध्याणी’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया और सभी विभागों को आयोजन स्थल पर जनकल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं की जानकारी देने के लिए सुव्यवस्थित स्टॉल लगाने के निर्देश दिए।
प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस पर मुख्यमंत्री की चार प्रमुख घोषणाएं
देहरादून। प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवानिवृत्त वर्दीधारी कर्मियों को आपदा बचाव प्रशिक्षण देने, शिक्षण संस्थानों में प्रति 1,000 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को ‘आपदा मित्र’ प्रशिक्षित करने, आवासीय अग्निकांड को आपदा मानकर एसडीआरएफ राहत देने और राहत-ब बचाव में सराहनीय कार्य करने वालों को पुरस्कृत करने की घोषणा की। उन्होंने आईआरएस पुस्तिका व राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन किया तथा सिलक्यारा बचाव अभियान को ऐतिहासिक सफलता बताया।
मुख्यमंत्री ने की अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति समीक्षा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यूआईआईडीबी की बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर सहित प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की। कुल ₹8,279 करोड़ की प्रस्तावित परियोजनाओं में से लगभग ₹1,109 करोड़ के कार्य जारी हैं, जिनसे हजारों प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री ने कार्यों में तेजी लाने, स्थानीय पहचान बनाए रखने और एक माह में कुछ कार्यों को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
हरिद्वार में ईवीएम-वीवीपैट जागरूकता अभियान शुरू
हरिद्वार। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनजर 16 नवंबर से सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम-वीवीपैट जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में चिन्हित मशीनों को सुरक्षित रखा गया है और मतदाताओं को व्यावहारिक जानकारी देने के लिए डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (ईडीसी) तथा मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन (एमडीवी) तैनात की गई हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद यह जागरूकता केवल डिजिटल माध्यम से चलेगी।















